Bihar
लालू परिवार में चल रहे विवाद पर चिराग पासवान की भावुक प्रतिक्रिया, कहा – “मैंने हमेशा उन्हें अपना परिवार माना”
लालू प्रसाद यादव के परिवार में छिड़े घमासान और तेजस्वी यादव–रोहिणी आचार्य के बीच बढ़ते तनाव पर केंद्रीय मंत्री व लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने भावुक लेकिन संतुलित प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बात करते हुए चिराग ने कहा कि वह इस पारिवारिक विवाद पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं करना चाहते।
उन्होंने कहा, “हमारे राजनीतिक मतभेद जरूर हैं, लेकिन मैंने हमेशा लालू प्रसाद यादव के परिवार को अपना परिवार माना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि यह विवाद जल्द से जल्द सुलझ जाए। घर में एकता बनी रहे तो इंसान बाहर हर कठिनाई से लड़ सकता है।”
रोहिणी आचार्य का दर्द भरा ट्वीट, टूटते रिश्तों का संकेत
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने शनिवार को ट्वीट कर अपने मन का दर्द साझा किया और राजनीति छोड़ने तथा परिवार से दूरी बनाने का संकेत दिया। रविवार देर रात वह दिल्ली रवाना हो गईं। प्रस्थान के दौरान उनके बयान और कुछ ही घंटों में किए गए दो ट्वीट ने सियासी हलचल तेज कर दी। इससे लालू परिवार के अंदर चल रहे तनाव की स्थिति खुलकर सामने आ गई और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
“तेजस्वी, तेजप्रताप, रोहिणी, मीसा—सबको भाई-बहन माना”
चिराग पासवान ने आगे कहा कि उन्होंने हमेशा लालू परिवार के सभी सदस्यों—तेजस्वी, तेजप्रताप, रोहिणी और मीसा भारती—को अपने भाई-बहन की तरह माना है। उन्होंने स्वीकार किया कि पारिवारिक विवाद का दर्द वह खुद भी झेल चुके हैं।
उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं कि परिवार में मतभेद कितना दर्द देता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि लालू जी के परिवार में सब कुछ जल्द सामान्य हो जाए।”
चिराग के परिवार में भी हो चुकी है ऐसी स्थिति
उल्लेखनीय है कि चिराग खुद भी पारिवारिक राजनीति के बड़े संकट से गुजर चुके हैं। जब उनके चाचा पशुपति कुमार पारस ने बगावत की, तो लोक जनशक्ति पार्टी दो हिस्सों में बंट गई थी। चिराग को छोड़कर पार्टी के चार सांसद पारस गुट में शामिल हो गए थे। यह घटना चिराग पासवान के राजनीतिक और व्यक्तिगत सफर में बड़ा झटका साबित हुई थी।