Bihar
तेज प्रताप यादव की पार्टी से बिक्रम विधानसभा सीट पर अजीत कुशवाहा लड़ेंगे चुनाव
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में युवा नेता अजीत कुशवाहा को बिक्रम विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।
तेज प्रताप यादव ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की पहली लिस्ट जारी की, जिसमें कुल 21 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतर रही है।
अजीत कुशवाहा को बिक्रम सीट से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि उनकी उम्मीदवारी से सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
इस मौके पर तेज प्रताप यादव ने खुद यह भी एलान किया कि वे महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जनशक्ति जनता दल जनता के मुद्दों पर राजनीति करेगी, और बिहार में “साफ-सुथरी राजनीति” की शुरुआत होगी।
गौरतलब है कि बिक्रम विधानसभा सीट पर पिछली बार कड़ा मुकाबला जेडीयू और आरजेडी उम्मीदवारों के बीच हुआ था। इस बार तेज प्रताप की पार्टी के मैदान में उतरने से समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।