Election
‘हिंदू लड़कियां जिम न जाएं, चल रही है बहुत बड़ी साजिश’ — BJP विधायक गोपिचंद पडळकर का विवादित बयान
मुंबई। महाराष्ट्र के सांगली से बीजेपी विधायक गोपिचंद पडळकर का एक बयान सोशल मीडिया पर बवाल मचा रहा है। उन्होंने हिंदू लड़कियों को सलाह दी है कि वे जिम न जाएं, क्योंकि “जिम में बहुत बड़ी साजिश चल रही है।” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
विधायक पडळकर ने कहा, “मैं हिंदू बहनों से कहना चाहता हूं कि वे किसी ऐसे जिम में न जाएं जहां ट्रेनर कौन है, यह पता न हो। वहां बड़ी साजिशें चल रही हैं। आप घर पर योग करें, वही बेहतर है।”
उन्होंने आगे कहा कि जिम में अंजान ट्रेनर या स्टाफ के संपर्क में आने से कई बार गलत घटनाएं होती हैं, इसलिए सावधानी जरूरी है। पडळकर का यह बयान एक कार्यक्रम में दिया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इस बयान के बाद विपक्षी दलों और महिला संगठनों ने बीजेपी विधायक की तीखी आलोचना की है। कांग्रेस और एनसीपी नेताओं ने कहा कि यह बयान महिलाओं की स्वतंत्रता पर रोक लगाने की मानसिकता को दर्शाता है।
वहीं, बीजेपी ने अब तक इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि पार्टी के भीतर भी कई नेता इस तरह के बयानों से असहज बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब गोपिचंद पडळकर किसी विवादित बयान को लेकर चर्चा में आए हों। इससे पहले भी वे कई बार अपने बयानों से राजनीतिक तूफान खड़ा कर चुके हैं।