Election

बिहार चुनाव 2025: पवन खेड़ा बोले – सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में नहीं है कोई मतभेद

Published

on

रांची। कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन (इंडिया गठबंधन) के दलों में सीट बंटवारे को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि सभी सहयोगी दल एकजुट हैं और भाजपा का भ्रम टूट जाएगा।

रविवार को रांची एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा, “भाजपा को उम्मीद थी कि महागठबंधन में सीट बंटवारे पर मतभेद होगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे और बिहार में एक मजबूत विकल्प पेश करेंगे।”

पवन खेड़ा रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम “संविधान में आदिवासी अधिकार बनाम जमीनी हकीकत” में शामिल होने पहुंचे थे।

उनका यह बयान उस समय आया है जब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा था कि अगर 14 अक्टूबर तक सीटों का बंटवारा तय नहीं हुआ, तो पार्टी स्वतंत्र निर्णय ले सकती है। झामुमो ने बिहार की कम से कम 12 सीटों पर दावा ठोका है।

खेड़ा ने कांग्रेस के अभियान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने कहा, “अगर वोट पर जनता का अधिकार नहीं रहेगा, तो लोकतंत्र भी सुरक्षित नहीं रहेगा।”

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे — पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे चरण की 11 नवंबर को होगी, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending