Jharkhand
झारखंड की जेलों में अब नहीं होगा नकद लेन-देन, कैदियों के लिए बनेगा ऑनलाइन बैंक खाता
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की सभी जेलों में एक बड़ा सुधार लागू करने की तैयारी की है। अब जेलों में बंद कैदियों के लिए नकद लेन-देन पूरी तरह से बंद किया जाएगा। इस फैसले का उद्देश्य जेलों में होने वाले भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी पर रोक लगाना है।
जेल महानिदेशक (आईजी) सुदर्शन प्रसाद मंडल ने बताया कि अब हर कैदी के नाम पर एक ऑनलाइन बैंक खाता खोला जाएगा। इसके जरिए कैदी के परिजन या परिचित घर बैठे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे। यह राशि सीधे कैदी के खाते में जमा होगी, और वह जेल कैंटीन से अपनी जरूरत की वस्तुएं इसी खाते से खरीद सकेगा।
नई व्यवस्था के तहत जेल परिसरों में अब किसी भी तरह की नकदी का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि जेलों में चल रही अवैध गतिविधियों और अनधिकृत पैसों के लेन-देन पर भी रोक लगेगी।
अधिकारियों का मानना है कि यह कदम झारखंड की जेल प्रणाली में डिजिटल पारदर्शिता की दिशा में एक बड़ा बदलाव साबित होगा।