Jharkhand
हजारीबाग पुलिस की बड़ी कामयाबी: बिहार से 50 हजार का इनामी अपराधी दानिश इकबाल गिरफ्तार
हजारीबाग : झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी दानिश इकबाल को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। दानिश पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती, अपहरण और गोलीबारी जैसे कई संगीन मामलों में वांछित था।
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि रविवार देर रात विशेष टीम ने छापेमारी कर दानिश को बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र से पकड़ा। गिरफ्तार दानिश गया के रमना मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस को उसके पास से चार मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, फर्जी आधार-पैन कार्ड, वाई-फाई राउटर और एक नोटबुक बरामद हुई है।
पुलिस पूछताछ में दानिश ने कबूल किया है कि वह उत्तम यादव, शक्ति गिरी उर्फ सायको टाइगर और फोटो खान जैसे कुख्यात अपराधियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चला रहा था। यह गिरोह झारखंड और बिहार में सक्रिय था और कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
दानिश पर हजारीबाग के उदय साव हत्या कांड और गया के अनवर अली हत्याकांड जैसे मामलों में भी आरोप है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश में जुट गई है ताकि पूरे गिरोह को खत्म किया जा सके।
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि इस गिरफ्तारी से अपराध जगत को बड़ा झटका लगा है और पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।