Jharkhand
रांची: ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
रांची में बुधवार को सदर अस्पताल परिसर में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ और सुरक्षित होंगी तो परिवार मजबूत होगा और आने वाली पीढ़ियां भी सशक्त बनेंगी। सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज समाज के हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी से नई ऊंचाइयां छू रही हैं—चाहे वह रोजगार, उद्यमिता, शिक्षा या खेलकूद का क्षेत्र क्यों न हो।
कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि सरकार मातृत्व लाभ योजनाएं, पोषण अभियान और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, आदित्य साहू, और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।