Bihar

बिहार चुनाव 2025: अब ईवीएम पर दिखेगी उम्मीदवारों की रंगीन फोटो, जानें चुनाव आयोग का नया फैसला

Published

on

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिन्ह के साथ-साथ उनकी रंगीन फोटो भी दिखाई देगी। इससे पहले उम्मीदवारों की तस्वीरें ब्लैक एंड व्हाइट हुआ करती थीं।

क्यों लिया गया यह फैसला?

आयोग ने बताया कि चुनावों में अक्सर कई उम्मीदवार एक जैसे नाम के साथ मैदान में उतरते हैं। ऐसे में मतदाताओं को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता है और कई बार लोग गलती से गलत उम्मीदवार को वोट दे देते हैं। इस समस्या को खत्म करने के लिए अब ईवीएम बैलेट पेपर पर रंगीन फोटो लगाई जाएगी। इससे मतदाता नाम, चुनाव चिह्न और फोटो के आधार पर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को आसानी से पहचान पाएंगे।

ईवीएम में होंगे ये बदलाव

  • ईवीएम बैलेट पेपर पर उम्मीदवार की स्पष्ट रंगीन फोटो छपी होगी, जिसमें चेहरा तीन-चौथाई हिस्से में दिखाई देगा।
  • सभी उम्मीदवारों और NOTA (नोटा) के क्रमांक गहरे और मोटे अक्षरों में 30 साइज फॉन्ट में लिखे जाएंगे।
  • उम्मीदवारों और NOTA के नाम एक ही फॉन्ट और साइज में दिखेंगे, ताकि पढ़ने में आसानी हो।
  • ईवीएम बैलेट पेपर के लिए अब 70 GSM वाले गुलाबी रंग के विशेष पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा।

क्या है EVM?

इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एक ऐसी मशीन है, जिसके जरिए मतदाता एक बटन दबाकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट दे सकता है। वोट सीधे मशीन में रिकॉर्ड हो जाता है। पूरे भारत में पहली बार 2004 के लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर EVM का उपयोग किया गया था।

यह बदलाव मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending